नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को यहां ब्राजील के कृषि एवं पशुधन मंत्री कार्लोस फावारो और कृषि विकास एवं परिवार कृषि मंत्री लुइज़ पाउलो टेक्सीरा फेरेरा के साथ एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक में भारत के अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश को ब्राजील के बाजारों तक भेजने पर गहन बातचीत की।

दोनों देशों के नेताओं ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में चल रहे सहयोग की समीक्षा करते हुए भविष्य की साझेदारी के लिए एक मजबूत रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की। बैठक में साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2025 के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्राजील यात्रा से उपजी घनिष्ठता पर जोर दिया गया।

बैठक में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर ) और ब्राजील की समकक्ष संस्था 'एम्ब्रापा' के बीच तकनीकी तालमेल बढ़ाने पर विस्तार से बातचीत हुयी। श्री चौहान ने एआई इम्पैक्ट समिट में ब्राजील की भागीदारी की सराहना करते हुए इसे तकनीकी सहयोग की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल ने भारत की प्राकृतिक और जैविक खेती के साथ-साथ बायो-इनपुट के क्षेत्र में हुए नवाचारों की विशेष प्रशंसा की और इनमें गहरी रुचि दिखाई। इस वार्ता के दौरान भारतीय कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। ब्राजील के मंत्रियों ने कृषि विकास और पारिवारिक खेती के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच पारस्परिक समन्वय किसानों की बेहतरी के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

श्री चौहान ने आगामी ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए ब्राजील के समकक्षों को भी निमंत्रण दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित