शिवपुरी , अप्रैल 26 -- केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि शिवपुरी में प्रस्तावित नए हवाई अड्डे के निर्माण में माधव टाइगर रिजर्व की कोई भूमि शामिल नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सामान्य वन मंडल की भूमि आती है तो उसे नियमानुसार लिया जाएगा और निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं जारी हैं।

यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप शिवपुरी जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बूढ़ा डोंगरगांव में विश्वस्तरीय जैकेट निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है, जहां सिलाई का कार्य महिलाएं करेंगी। इसके लिए उन्हें आधुनिक तकनीक आधारित मशीनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा चरणबद्ध तरीके से करीब 1000 महिलाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। आगे चलकर उन्हें शेयर होल्डर बनाकर स्वामित्व देने की योजना है।

सिंधिया ने बताया कि माधव टाइगर रिजर्व स्थित साख्या सागर और माधव झील में फैली जलकुंभी को हटाने का कार्य तेजी से कराया जाएगा, जिससे जल स्रोतों का संरक्षण हो सके।

उन्होंने कहा कि जिले में निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जा रहा है, जिससे किसानों को अधिक भूमि में सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 17 से 24 मार्च तक आयोजित स्वास्थ्य शिविर के मरीजों के लिए फॉलोअप कैंप लगाए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 3 हजार मरीजों का उपचार और ऑपरेशन शिवपुरी, ग्वालियर, इंदौर एवं दिल्ली के अस्पतालों में कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित