शिवपुरी , दिसंबर 23 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के पास सोमवार शाम एक होटल पर जूनियर चिकित्सकों का भाजपा नेता के पोते तथा कांग्रेस नेता के पुत्र के साथ विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान संबंधित पक्ष की कार पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस सूत्रों ने आज यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार भाजपा के पूर्व विधायक ओमप्रकाश खटीक के पोते देवराज खटीक, एक कांग्रेस नेता के पुत्र नलिन तथा उनका एक अन्य साथी मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक होटल पर पहुंचे थे। वहां कुर्सी पर बैठने को लेकर उनका मेडिकल कॉलेज के जूनियर चिकित्सकों से विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना के बाद तीनों युवक अपनी कार से ग्वालियर बायपास की ओर जा रहे थे, तभी मेडिकल कॉलेज के कुछ छात्रों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और उनकी कार पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाना शिवपुरी पहुंचे, जहां भी आपसी विवाद होने लगा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष शांत हुए।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में लगभग पांच अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि बीते तीन दिनों में मेडिकल कॉलेज के छात्रों से जुड़े झगड़े का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित