शिवपुरी , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में लाड़ली बहना योजना से एक महिला का नाम हटाने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक रोजगार सहायक को बर्खास्त कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत भयावन की निवासी नेहा चौधरी ने शिकायत की थी कि रोजगार सहायक एवं प्रभारी सचिव पवन करण द्वारा जानबूझकर उनका नाम योजना से हटा दिया गया है।

शिकायत के बाद मामले की तत्काल जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि रोजगार सहायक द्वारा गलत तरीके से महिला का नाम हटाया गया था। जांच प्रतिवेदन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवपुरी विजय राज को प्रस्तुत किया गया। मामले में अनुशासनहीनता एवं गंभीर लापरवाही पाए जाने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित रोजगार सहायक को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित