शिवपुरी , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे के पास हुई आगजनी की घटना के पीड़ितों को जिला प्रशासन ने 12 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता प्रदान की है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार करेरा अनुभाग के दिनारा कस्बे में कल एक गोदाम में लगी भीषण आग से कई परिवार प्रभावित हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा कुल 3 लाख 51 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवारों को वितरित की गई। सहायता प्राप्त करने वालों में अमर सिंह, बबीता, सुमित्रा देवी, जगदीश, इंदिरा (सभी जाटव), अरुण शर्मा और मनीराम शर्मा शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित