लुधियाना , फ़रवरी 02 -- शिरोमणि अकाली दल यूथ विंग के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने सोमवार को लुधियाना में पुलिस अत्याचार से बुरी तरहघायल हुए टैक्सी चालक रणजोत सिंह के घर पहुंचकर उनसे और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि शिरोमणि अकाली दल न्याय मिलने तक हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए श्री झिंजर ने कहा कि पंजाब में सिख युवाओं को निशाना बनाया जाना भगवंत मान सरकार की नाकामी और उसकी नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जब कानून की रक्षा करने वाली पुलिस ही जालिम बन जाये, तो आम आदमी न्याय के लिए कहां जाये?उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब में कांग्रेस के काले दौर की याद ताज़ा कर रही है, जब युवाओं पर झूठे मामले, अत्याचार और दमन आम बात थी। आज भी सिख युवाओं को दस्तार बांधने, दाढ़ी रखने और अपनी पहचान के साथ जीने से रोका जा रहा है, जो सीधे तौर पर पूरी सिख कौम पर हमला है। उन्होंने मान सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस घिनौनी घटना में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं की गयी, तो शिरोमणि अकाली दल सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी सरकार की होगी।
श्री झिंजर ने कहा कि पंजाब सरकार दिल्ली से चल रही नीतियों के इशारों पर काम कर रही है और आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया की 'साम-दाम-दंड-भेद' वाली नीति को पंजाब में लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि आम आदमी पार्टी का कोई भी प्रतिनिधि अभी तक पीड़ित परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचा, जो सरकार की बेरुखी और असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा पंथ, पंजाब और पंजाबियत की निस्वार्थ सेवा की है। सिख युवाओं के साथ हो रहा दमन केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि पंजाब की भाईचारे की भावना, साझा संस्कृति और आपसी विश्वास पर सीधा हमला है, जिसे अकाली दल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही सिख-विरोधी सोच में एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस ने जो जख्म पंजाब को दिए, आज आम आदमी पार्टी उन्हें और गहरा करने का काम कर रही है।
श्री झिंजर ने कहा कि पंजाब सरकार की चुप्पी यह साबित करती है कि सरकार पुलिस को खुली छूट दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित