पटियाला , जनवरी 19 -- यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत झिंजर ने सोमवार को पटियाला में आउटसोर्स बिलिंग मीटर रीडर यूनियन की जायज़ मांगों के समर्थन का एलान किया। इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के सदस्य जत्थेदार जसमेर सिंह लाछड़ू भी उनके साथ मौजूद थे।
मीडिया को संबोधित करते हुए श्री झिंजर ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को पढ़ा-लिखाकर अच्छी नौकरियों में देखना चाहते हैं, लेकिन पंजाब सरकार ने हालात बिल्कुल उलट बना दिये हैं। पिछले 33 दिनों से आउटसोर्स कर्मचारी अपनी हक़ की मांगों को लेकर सड़कों पर बैठे हैं, लेकिन सरकार का कोई भी प्रतिनिधि उनकी सुध लेने नहीं आया।
श्री झिंजर ने कहा कि सरकार से ठेकेदार प्रति कर्मचारी 20 से 25 हजार रुपये ले रहे हैं, जबकि कर्मचारियों को केवल पांच से सात हजार रुपये दिए जा रहे हैं। यह कर्मचारियों के साथ सीधी ठगी है। उन्होंने इस मामले में सरकार और ठेकेदारों से गंभीरता दिखाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 2022 में सरकार बनने से पहले आम आदमी पार्टी कर्मचारियों के अधिकारों के लिए आवाज़ उठाती रही और वादा करती रही कि सत्ता में आते ही उनकी मांगें तुरंत पूरी की जाएंगी, लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद हकीकत बिल्कुल उलट है। कर्मचारी आज भी उचित वेतन के बिना संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ धोखाधड़ी नहीं, बल्कि लोगों के अधिकारों और भावनाओं के साथ खिलवाड़ का सबूत है। सरकार ने अपने वादों को खोखले शब्दों तक सीमित कर दिया है, जिसके कारण कर्मचारियों में निराशा और गुस्सा बढ़ रहा है और जनता का सरकार से भरोसा उठ चुका है।
श्री झिंजर ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल 105 साल पुरानी संघर्ष से जन्मी पार्टी है और समाज के हर वर्ग के अधिकारों के लिए खड़ी है। उन्होंने कहा,"हम कर्मचारियों के अधिकारों के लिए उनके साथ खड़े हैं और हमारे नेता हमेशा आपके साथ खड़े रहेंगे।"उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गयीं और उन्हें अनुबंध या पक्का नहीं किया गया, तो इसके परिणाम बहुत गंभीर होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में सरकार बनने पर शिरोमणि अकाली दल इन सभी मुद्दों को तुरंत हल करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित