शिमला , मार्च 03 -- नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत शिमला जिला पुलिस ने एक आदतन मादक पदार्थ तस्कर को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई प्रदेश सरकार द्वारा जारी निरोधात्मक आदेश के अनुपालन में की गयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना ननखड़ी की टीम ने 02 मार्च को प्रेम राज उर्फ आई.डी. मेहता उर्फ संतोष मेहता, पुत्र वीर सिंह, निवासी गांव जगोट, तहसील ननखड़ी (जिला शिमला) को हिरासत में लिया। आरोपी को निरोधात्मक प्रावधानों के तहत तीन माह की अवधि के लिए जिला सुधार गृह, कैथू, शिमला भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है। वह पहले भी स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (पीआईटी एनडीपीएस एक्ट) के तहत चार बार गिरफ्तार हो चुका है। इनमें से दो मामलों में उसे दोषी ठहराया जा चुका है, जबकि दो मामले वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।

आधिकारिक रिकार्ड के अनुसार, वर्ष 2012 और 2018 में क्रमशः 300 ग्राम और 107 ग्राम चरस बरामदगी के मामलों में आरोपी को दोषी ठहराया गया था। वहीं, 2023 और 2024 में दर्ज दो अन्य मामलों में 9.93 ग्राम चरस और 18.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) की बरामदगी से संबंधित मुकदमे अदालत में लंबित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित