बलरामपुर , दिसंबर 30 -- छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला बैरडीह में पदस्थ प्रधान पाठक बीरबल यादव की कथित अश्लील हरकतों को लेकर शिक्षा विभाग ने जांच के दिए आदेश दिए है।
स्कूल की सहायिका एवं अन्य महिलाओं ने शिक्षक पर अभद्र व्यवहार, अश्लील हरकतें करने और शराब के नशे में स्कूल आने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि शिक्षक लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वे भय और तनाव में थीं।
आरोप लगाने वाली सहायिका और ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि प्रधान पाठक शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करता था। आरोप है कि वह महिलाओं को आपत्तिजनक बातें कहता, अश्लील इशारे करता और बार-बार उन्हें परेशान करता था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर सहायिका और अन्य महिलाओं ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला सार्वजनिक हुआ।
घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो ऐसे शिक्षक का स्कूल में बने रहना बच्चों और महिलाओं दोनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने शिक्षा विभाग से तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि यह सब कुछ लंबे समय से चल रहा था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय रहते निगरानी और कार्रवाई नहीं की गई।
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी मनी राम यादव ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकरण की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जांच टीम गठित कर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित