चंडीगढ़ , मार्च 07 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को सरकारी स्कूलों के 30 प्रधानाचार्यों के आठवें जत्थे को सिंगापुर स्थित 'प्रिंसिपल एकेडमी' में प्रशिक्षण के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को वैश्विक शिक्षण पद्धतियों से रूबरू कराना और राज्य की सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली को और मजबूत करना है।
श्री मान ने राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर बात की और स्पष्ट किया कि पंजाब विद्युत (संशोधन) विधेयक, 2025 का कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने बिजली विधेयक को राज्यों के अधिकारों पर हमला बताया। साथ ही, उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार, कांग्रेस और शिअद नेता सुखबीर सिंह बादल पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज पंजाब के सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों का एक और जत्था प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर रवाना हुआ। हमारी सरकार का लक्ष्य पंजाब के बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा देना है। हम अपने शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि वे आधुनिक तरीके सीख सकें। हमारा लक्ष्य केवल स्कूल बनाना नहीं, बल्कि ऐसी प्रणाली बनाना है, जो हर बच्चे को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए सशक्त बनाये। "मीडिया कर्मियों से बातचीत में उन्होंने बताया कि अब तक कुल 234 प्रधानाचार्यों और शिक्षा अधिकारियों को सिंगापुर भेजा जा चुका है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि पंजाब नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) में केरल को पीछे छोड़कर देश में पहले स्थान पर है। सरकारी स्कूलों के लगभग 300 छात्रों ने जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 मार्च पंजाब के लिए ऐतिहासिक दिन होगा, क्योंकि टाटा स्टील लुधियाना में अपना 3,200 करोड़ रुपये का प्लांट शुरू करने जा रही है। यह जमशेदपुर के बाद भारत में टाटा स्टील का दूसरा सबसे बड़ा प्लांट होगा, जिससे लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि संघर्ष के बीच पश्चिम एशिया के देशों में 385 पंजाबी फंसे हुए हैं, जिनमें से 300 संयुक्त अरब अमीरात में हैं। सरकार उनकी सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र के संपर्क में है।
रूस से तेल खरीदने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणियों पर श्री मान ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो लोग भारत को 'विश्व गुरु' बनाने की बात करते थे, उन्होंने इसे 'विश्व चेला' बना दिया है, क्योंकि अब अमेरिका भारत को बता रहा है कि उसे क्या करना चाहिए। साथ ही, कांग्रेस द्वारा राज्यपाल के अभिभाषण के बहिष्कार को 'नौटंकी' करार दिया और सुखबीर बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 'हवाई किले' बना रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित