भीमावरम , दिसंबर 28 -- केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को छात्रों से अनुरोध किया कि वह देश को पहचान दिलाने के लिये शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन करें।
श्रीमती सीतारमण ने ज़ेडपी हाई स्कूल में छात्रों को संबोधित करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया कि शिक्षा विकास और वैश्विक पहचान की नींव है। उन्होंने तटीय क्षेत्र में रहने वाले युवाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त करने और राज्य तथा राष्ट्र की सेवा करने के लिए कहा। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी तरह से पढ़ाई करने, रचनात्मक सोच विकसित करने और डिजिटल कक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व, श्रीमती सीतारमण ने पश्चिम गोदावरी जिले के नरसपुरम मंडल के पेडा मैनावानी लंका गांव के इस स्कूल में कंप्यूटरों और अन्य बुनियादी ढांचे का उद्घाटन किया। यूनियन बैंक की ओर से मिली 18 लाख रुपये की सुविधाओं में छात्रों के लिए डिजिटल और विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कंप्यूटर और एक विज्ञान प्रयोगशाला बनायी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित