वाराणसी , अप्रैल 4 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 'स्कूल चलो अभियान' के शुभारंभ के दौरान शिक्षकों और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिले सम्मान और प्रोत्साहन से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक स्टॉल लगाए। मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर बच्चों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान कक्षा 2 की छात्रा श्रेया शुक्ला मुख्यमंत्री के हाथों बैग, पुस्तकें और चॉकलेट पाकर खुशी से झूम उठीं, वहीं कक्षा 7 की छात्रा रुचि यादव ने स्कूल में प्रवेश मिलने पर खुशी जताते हुए भविष्य में पुलिस सेवा में जाने की इच्छा व्यक्त की।
विद्यालय परिसर में निपुण, समेकित शिक्षा और 'इको क्लब फॉर मिशन लाइफ' जैसे विषयों पर स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के स्टॉल पर जाकर शिक्षण प्रक्रिया और सहायक सामग्रियों के बारे में जानकारी ली।
शिक्षकों ने बताया कि अब टीचिंग-लर्निंग मटेरियल के माध्यम से बच्चों को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाया जा रहा है, जिससे उनकी समझ और रुचि दोनों बढ़ रही हैं। निपुण सम्मान से सम्मानित प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर चिरईगांव के प्रधानाध्यापक शशिकांत सिंह ने कहा कि इस तरह के सम्मान से कार्यक्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। उनके विद्यालय के छात्र को भी निपुण बालक का पुरस्कार मिला, जिससे पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है।
अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं से बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है और उनकी रुचि बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित