जयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा विभाग के सभी रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और चरणबद्ध रूप से नियुक्तियां की जायेगी।

श्री दिलावर प्रश्नकाल में विधायक थावर चन्द के पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा पांच वर्षों में चार लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, जिसमें लगभग एक लाख 75 हजार पद शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों के होंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा अब तक 72 हजार पद भरे जा चुके हैं, जिनमें कुछ पद पदोन्नति से तथा कुछ नई भर्ती से भरे गए हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में 2202 पदों के लिए भर्ती निकाली गई, जिसकी परीक्षा सम्पन्न हो चुकी है और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2025 में 3225 पदों की नई भर्ती निकाली गई है, जिन पर चयनित शिक्षक शीघ्र ही सेवाएं देंगे। वरिष्ठ अध्यापक भर्ती के तहत वर्ष 2024 में 2129 पद तथा 2025 में 6500 पदों की भर्ती निकाली गई है, जो प्रक्रियाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने 6264 विद्यालयों को क्रमोन्नत तो किया, लेकिन एक भी पद सृजित नहीं किया। इसी प्रकार महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोल दिये लेकिन उनके लिए भी शिक्षकों की भर्ती नहीं की गई। इससे लाखों बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के हितों के प्रति संवेदनशील है। यदि किसी प्रकार के बैकलॉग पद शेष हैं तो आगामी भर्तियों में समायोजित कर उन्हें भरने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित