अगरतला , फरवरी 10 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 20 फरवरी को त्रिपुरा के दौरे पर आ सकते हैं। उनका यह दौरा त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के अप्रैल में प्रस्तावित चुनावों से पहले बेहद अहम माना जा रहा है।
राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और टिपरा मोथा के बीच एडीसी क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर तनातनी जारी है। दोनों दलों के नेताओं ने अलग-अलग चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं, जो जनजातीय क्षेत्रों में भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, श्री शाह अपने दौरे के दौरान भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर एडीसी चुनाव में टिपरा मोथा के साथ संभावित गठबंधन पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह कुछ आधिकारिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। बताया जा रहा है कि टिपरा मोथा के नेता भी श्री शाह से मुलाकात कर लोकसभा चुनाव से पहले हुए 'टिपरासा समझौते' की प्रगति पर चर्चा करना चाहते हैं।
शाह के दौरे का हालांकि विस्तृत कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। संभावना है कि वह केंद्र सरकार की ओर से राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों से जुड़े एक सरकारी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित