अहमदाबाद , दिसंबर 28 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में रविवार को अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एएमसी) की 330 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, ई-लोकार्पण, गणेशजी की मूर्ति का अनावरण तथा नवी वणझर गांव के पुनर्वासित निवासियों को सनद वितरण किया।

अहमदाबाद शहर के पश्चिम एवं दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों के लिए इस कार्यक्रम अंतर्गत अत्यंत महत्वपूर्ण वेस्टर्न ट्रंक मेन लाइन प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया गया। श्री शाह ने इस अवसर पर कहा "हृदय को आनंद देने वाला यह छोटा, लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। 1973 की साबरमती बाढ़ त्रासदी में जिन नागरिकों का सब कुछ नष्ट हो गया था, उन्हें आज 50 वर्षों बाद प्लॉट का मालिकाना अधिकार मिला है। इतने बड़े अहमदाबाद शहर में 173 लाभार्थी संख्या में भले ही कम लगें, लेकिन उनके लिए यह क्षण अत्यंत ऐतिहासिक और भावनात्मक है।"उन्होंने इस संवेदनशील निर्णय के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि अमितभाई ठाकर, अहमदाबाद की महापौर तथा म्युनिसिपल कमिश्नर को अभिनंदन दिया। उन्होंने कहा कि पांच दशकों से चली आ रही समस्या का आज स्थायी समाधान हुआ है, जो संवेदनशील शासन का प्रमाण है। पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम अहमदाबाद के लगभग 15 लाख नागरिकों के लिए पहले गटर के पानी की निकासी की कोई सुगठित व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी।

वर्ष 2000 से 2005 के दौरान शेला से चांदखेडा तक के क्षेत्रों में तीव्रता से शहरीकरण हुआ, लेकिन संपूर्ण ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के लिए बड़े बजट और लंबे समय की आवश्यकता थी। कई स्थानों पर गटर ओवरफ्लो की स्थिति देखकर उन्हें सांसद के रूप में पीड़ा होती थी। उन्होनें आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लोग अच्छा और स्वस्थ जीवन जी सकें, ऐसे वातावरण के निर्माण के लिए अमृत योजना सहित शहरी विकास योजनाओं का व्यापक उपयोग किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित