, Jan. 13 -- श्री शाह ने कहा कि अगला पूरा एक वर्ष 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के तौर पर हम मनाने जा रहे है, अनेक कार्यक्रम होने वाले है, भारत की आत्मा को झकजोरने के लिए, चेतना को जागृत करने के लिए और सनातन धर्म की जड़ों को पाताल तक, गहराई तक ले जाने के लिए यह सोमनाथ स्वाभिमान वर्ष हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के निर्माण के लिए गुजरात सरकार को धन्यवाद देते हुए सम्बंधित कलेक्टर को निर्देश दिया कि इस बेहतरीन जिम को केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं बल्कि माणसा के नागरिकों के लिए भी खोल दिया जाए। प्रधानमत्री श्री मोदी के नेतृत्व में गुजरात सहित पूरे देश में खेलकूद और स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स का सुंदर वातावरण तैयार किया गया है। अहमदाबाद को एक ऐसी स्पोर्ट्स सिटी के रूप में तैयार किया जा रहा है जो न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में अपनी विशेष पहचान बना रही है।

श्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में 117 देशों के खिलाड़ी अहमदाबाद आएंगे। इसके अलावा 2029 में विश्व पुलिस और फायर सर्विस गेम भी अहमदाबाद में होंगे। उन्होंने कहा कि 2036 के ओलंपिक खेल भी अहमदाबाद में ही करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गृह मंत्री ने माणसा क्षेत्र के जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कहा की वे सब यह सुनिश्चित करे कि आसपास के स्कूल और कॉलेज के खिलाडी भी खेल सुविधाओं का उपयोग कर न केवल अपने शरीर मन और आत्मविश्वास को मजबूत बनाएं बल्कि गुजरात, देश और दुनिया में अपना नाम भी उज्जवल करें।

गृह मंत्री ने कहा कि अहमदाबाद के आधुनिक फायर स्टेशन की तर्ज पर माणसा में भी आज नया फायर स्टेशन बन कर तैयार है। साथ ही गुजरात सरकार ने माणसा में नए सर्किट हाउस और पुलिस स्टेशन की भेंट भी दी है। पिछले चार वर्षों में 13 तालाबों को साथ में जोड़कर ऐसी व्यवस्था की है जिससे पूरे वर्ष पानी उपलब्ध रहेगा। चंद्रसार तालाब के विकास की प्रशंसा करते हुए श्री शाह ने कहा ऐसी व्यवस्था को बनाये रखने में जन भागीदारी बहुत आवश्यक है। हमें ही अपने गांव व नगर को स्वच्छ रखने का संकल्प करना होगा और इसके लिए हमारे युवाओ को आगे आना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित