शाहपुर (कांगड़ा) , फरवरी 12 -- हिमाचल प्रदेश में शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले धारकंडी क्षेत्र के बोह स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों को 150 डेस्क और 158 बैग बांटे।

करीब 3.5 लाख रुपये की कीमत के ये सामान छात्रों को विशेष उपहार के रूप में प्रदान किये गये। बच्चों ने कार्यक्रम के दौरान विधायक के लिए 'हैप्पी बर्थडे' गाकर आभार व्यक्त किया।

श्री पठानिया ने कहा कि उन्होंने वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान छात्रों की मदद का वादा किया था और उन्हें अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने की खुशी है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शैक्षिक सुविधाओं में सुधार करने और बच्चों के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम कर रही है। धारकंडी क्षेत्र में विकास पहल का उल्लेख कर बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से भानाला-रुलेहर सड़क बन रही है। इस क्षेत्र में बागवानी और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और किसानों के लिए जल्द ही जागरूकता शिविर आयोजित किये जायेंगे।

उन्होंने खाबरू क्षेत्र के लिए रोप-वे परियोजना की संभाव्यता का पता लगाने और धारकंडी के लिए चार नयी बस सेवाएं शुरू करने की योजना की भी बात की। श्री पठानिया ने बोह घाटी सांस्कृतिक कार्यक्रम को जिला स्तरीय दर्जा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित