शाहजहांपुर , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर लगी शहीदों की प्रतिमाओं को कथित रूप से रात में बुलडोजर से हटाकर क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्य अभियंता द्वारा संबंधित फर्म के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए सदर बाजार थाने में तहरीर दी गई है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप ने मंगलवार को बताया कि नगर निगम कार्यालय के बाहर स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं के आसपास सौंदर्यीकरण कार्य लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं को इस तरह असम्मानजनक ढंग से हटाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। संबंधित फर्म द्वारा इस संबंध में न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना दी गई थी।
उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया और नगर आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित फर्म को तत्काल कार्य से हटाया जाए तथा प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए। साथ ही कार्य की निगरानी से जुड़े नगर निगम के अधिकारियों-जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और कार्यवाहक अधिशासी अभियंता-के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव, नगर विकास को पत्र भेजा गया है।
नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि टाउन हॉल तिराहे पर स्थापित चार प्रतिमाओं के आसपास यातायात व्यवस्था सुधार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य लखनऊ की एक फर्म को सौंपा गया था, जिसे निर्देश दिए गए थे कि प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक स्थानांतरित किया जाए। आरोप है कि 22 मार्च की रात फर्म ने बिना विभाग को सूचित किए बुलडोजर से प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के लिए संबंधित फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आश्वासन दिया कि शहीदों की प्रतिमाओं को शीघ्र ही पुनः स्थापित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित