शाहजहांपुर , जनवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के कांट क्षेत्र में शनिवार को एक पिज़्ज़ा सेंटर में हिंदू संगठन के द्वारा की गई छापेमारी के बीच युवक युवती ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना कांट बरेली मोड़ के पास एक भवन की दूसरी मंजिल पर पिज़्ज़ा सेंटर चलता है जिसमें हिंदू संगठन के लोग पहुंचे और वहां मौजूद युवक युवती से पूछताछ करने लगे। युगल ने बताया कि वे हिंदू हैं। इस बीच कुछ लोग उनका वीडियो बनाने लगे जिसके चलते एक युवक ने खिड़की का सरिया खींचा और दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। पीछे से एक युवती भी कूद गई। इस घटना में 21 वर्षीय युवक तथा 19 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनो को निजी नर्सिंग होम में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच कर रही है इस मामले में अभी किसी और से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही सख्त कार्रवाई करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित