शाहजहांपुर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मत्स्य जीव सहकारी समिति के गठन के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मत्स्य निरीक्षक को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी राजेश कुमार ने समिति गठन के लिए मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल से संपर्क किया था, जिस पर आरोपी ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर तिलहर तहसील दिवस के दौरान आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कटरा में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित