शाहजहांपुर , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां में बंद परिचित को खाना देने गए एक गल्ला आढती को दबंगों ने बीच सड़क पर मुर्गा बनाया तथा उसे अपने पैरों में सिर रखकर माफी मंगवाई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने शनिवार को बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के गांव नाहिला में रहने वाले उमाशंकर गुप्ता उर्फ लल्लू ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई है जिसमें कहा है कि उनके गांव के ही रहने वाले विवेक, मनोज उर्फ पप्पू, चुन्ने, विक्की ने उन्हें आठ मार्च को दोपहर रोड पर मारा पीटा तथा अभद्र गालियां दी इसके अलावा उन्होंने उसे मुर्गा बनाया तथा अपने पैरों में सिर रखकर माफी मंगवाई गई।
उन्होंने बताया कि पीडित ने शिकायत में कहा है कि शुक्रवार को इन्हीं आरोपियों ने पीड़ित के पार्टनर को भी दिन में मारा पीटा जिसके बाद वे उन्हें लेकर थाने आए और पुलिस में शिकायत की थी। इस घटना का 35 सेकंड का एक वीडियो यहां सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक अधेड़ व्यक्ति को कान पकड़ कर मुर्गा बनाया जाता है तथा उसे कुछ लोग पीट रहे हैं और पीड़ित से कह रहे हैं कि अब मदद करोगे। वह कहते है," देख लो अब कौन-कौन मदद करेगा।" इसके बाद पीड़ित से एक व्यक्ति अपने पैरों में सिर रखकर माफी मंगवा रहा है।
पीड़ित उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि होली के दूसरे दिन उनके खेत के पार्टनर राम बहादुर पाल के पारिवारिक सदस्य से दबंगों का कुछ विवाद हो गया था जिसकी शिकायत पर उन्हें पुलिस ने थाने में बैठा लिया था इसके बाद उनका कसूर सिर्फ इतना है कि वह थाने में बंद अपने पार्टनर के पारिवारिक सदस्य को खाना देने चले गए थे इसके बाद आरोपियों ने उन्हें मदद करने के लिए धमकी भी दी थी।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) (मारपीट करना) 352 (अपमानित करना) 351 दो (आपराधिक धमकी) 356-2 (प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित