शाहजहांपुर , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली पर निकलने वाला विश्व विख्यात बड़े लाट साहब'तथा छोटे लातसाहब का जुलूस कड़ी सुरक्षा के बीच अत्यंत सकुशल तरीके से संपन्न हुआ।
जुलूस के आयोजक हरनाम कटियार ने बुधवार को बताया कि लाट साहब का जुलूस परंपरागत तरीके से फूलमती देवी मंदिर से शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि इस दौरान परंपरा के अनुसार लाट साहब ने मंदिर में माथा टेका और उसके बाद यह जुलूस कोतवाली पहुंचा जहां कोतवाल ने लाट साहब को 'सलामी' दी।
उन्होंने बताया कि बाद में परंपरा के अनुसार लाट साहब ने कोतवाल से पूरे साल हुए अपराधों का ब्यौरा मांगा कोतवाल अश्वनी कुमार ने इससे 'बचने' के लिए लाट साहब को रिश्वत के तौरपर नगद धनराशि तथा शराब की बोतल दी। कोतवाली से निकलने के बाद जुलूस के पूरे रास्ते भर हुरियारे लाट साहब के जयकारे लगाते हुए उन्हें जूते और झाड़ू से मारते रहे। बाद में यह जुलूस चार खंबा, टाउन हॉल होते हुए आठ किलोमीटर के दायरे में घूम कर फिर फूलमती मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हो गया।इसी तरह शहर में निकलने वाले छोटे लाल साहब का जुलूस भी शांति एवं सौहार्द पूर्ण संपन्न हो गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बताया कि इस बार लाट साहब के जुलूस में चार अपर पुलिस अधीक्षक, 13 पुलिस क्षेत्राधिकारी, 310 दारोगा, 1200 सिपाही तथा 500 होमगार्ड्स जवानों के अलावा चार कंपनी पीएसी तथा रैपिड एक्शन फोर्स की चार कंपनियों के अलावा एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम की भी तैनाती की गई थी।
एसपी ने कहा कि पिछली बार जुलूस के दौरान छुटपुट घटना हुई थी इसलिए इस बार जुलूस में एक और जोन बढ़ा दिया है तथा एक महीने पहले से प्रत्येक थाने और चौकी पर सभी धर्म के लोगों के साथ शांति समितियों की बैठकें की और लोगों से होली का पर्व शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई थी।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जुलूस मार्ग में पड़ने वाली 48 मस्जिद तथा मजारों को प्लास्टिक के तिरपाल से पूरी तरह ढक दिया गया था। उन्होंने बताया कि साथ ही जुलूस के मार्ग पर पड़ने वाली 148 गलियों को अवरुद्ध करके उनमें बैरिकेडिंग की गई जिससे जुलूस में एकाएक भीड़ न उमड़े।
उन्होंने कहा कि बड़े लाट साहब तथा शहर के विभिन्न हिस्सों में निकाले जाने वाले 'छोटे लाट साहब' के जुलूसों के मार्गों को सात जोन में बांटा गया था और एक जोन में सेक्टर तथा उप सेक्टर बनाए गए थे जिसमें जोनल सेक्टर तथा उप सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट 136 तैनात किये गये थे।
पुलिस प्रशासन नगरनिगम और आयोजकों के सहयोग से शहर में निकलने वाले दोनो जुलूस सकुशल और सौहार्द पूर्ण संपन्न हुआ और जनपद में अन्य जगह पर निकलने वाले जुलूस से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित