शाहजहांपुर , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज क्षेत्र में होली के दिन दूसरे समुदाय के युवक पर रंग पड़ने के बाद बृहस्पतिवार को हुए विवाद में दोनों पक्षों के एक 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 20 लोगो को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के गांव मऊ रसूलपुर गांव में होली पर रंग खेलते समय दूसरे समुदाय के शाहिद अली पर रंग पड़ गया जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों समुदाय के लोगों को समझाकर मामला शांत कर दिया था लेकिन बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों में इस बात तो लेकर फिर विवाद हो गया और एक दूसरे पर लाठी डंडे और ईट पत्थर से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि पथराव में दोनों पक्षों के 11 लोग रविंद्र सिंह,रंजीत,जनार्दन,दिव्यांशु, तथा हिमांशु और सोहेल ,इमरान ,हामिद ,बाबू,उरूज और लतीफ घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। दिव्यांशु की तहरीर पर पुलिस ने सोहेल ,आमिर,शाहीन अली, अजीम,हसरत ,महकू ,जायद अली, प्रधान अकील अहमद सहित 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर 20 लोगो को हिरासत में लिया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित