शाहजहांपुर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे 17 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। श्री द्विवेदी ने मंगलवार को बताया कि जिले के सभी थानों से लंबे समय से गैरहाजिर पुलिसकर्मियों की सूची मांगी गई थी। सूची मिलने पर विभिन्न थानों में तैनात 17 पुलिसकर्मी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इनमें एक पुलिसकर्मी वर्ष 2023 से ही ड्यूटी पर नहीं आ रहा था, जबकि शेष 16 पुलिसकर्मी करीब एक वर्ष से अनुपस्थित चल रहे थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से इन पुलिसकर्मियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई कर्मियों से संपर्क नहीं हो सका। जिनसे मोबाइल पर बात हुई, वे भी अपनी अनुपस्थिति का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले 17 पुलिसकर्मियों में एक दरोगा और एक महिला सिपाही भी शामिल हैं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित