शाहजहांपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में नगर निगम कार्यालय के बाहर स्थापित अमर शहीदों की प्रतिमाओं को मुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 घंटे के भीतर पुनः स्थापित कर दिया गया।

नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और प्रेम किशन खन्ना की प्रतिमाओं को पुनः स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान प्रतिमाओं को हटाया गया था, जिन्हें सुरक्षित रखा गया था और अब निर्देश मिलने के बाद दोबारा स्थापित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि स्थल पर अभी फ्लोरिंग, ग्रीन एरिया, ग्रिल और बाउंड्री वॉल सहित कुछ कार्य शेष हैं। इन कार्यों के पूरा होने तक प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए रात में पुलिस पिकेट और दिन में नगर निगम कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि असामाजिक तत्वों और आवारा पशुओं से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

महापौर ने कहा कि सौंदर्यीकरण प्रस्ताव के क्रियान्वयन में जल्दबाजी हुई, हालांकि प्रतिमाओं को नुकसान नहीं पहुंचा और उन्हें सुरक्षित रखा गया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी प्रतिमाओं की पुनः स्थापना कर माल्यार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर शहीदों की नगरी है और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित