शाहजहांपुर , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना कांट क्षेत्र में स्थित एक पिज़्ज़ा हाउस में कथित तौर पर हिंदू संगठन के लोगों द्वारा छापा मारकर वीडियो बनाए जाने से भयभीत होकर दूसरी मंज़िल से कूदे युवक-युवती के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने रविवार को बताया कि थाना कांट क्षेत्र के बरेली मोड़ के पास पुवाया कस्बा निवासी विशाल शनिवार शाम 'पिज़्ज़ा 99' रेस्टोरेंट में अपनी प्रेमिका के साथ गया था। पिज़्ज़ा उपलब्ध न होने पर उसने मैगी का ऑर्डर दिया। इसी दौरान एक संगठन के सात-आठ लोग रेस्टोरेंट में घुस आए और वहां मौजूद लोगों से परिचय पत्र (आईडी) मांगने लगे।
एसपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के अनुसार इसके बाद संगठन के सदस्यों ने अभद्रता शुरू कर दी और वीडियो बनाने लगे। भय के कारण युवती रेस्टोरेंट की दूसरी मंज़िल की खिड़की से कूद गई। उसे बचाने के प्रयास में युवक भी पीछे से कूद पड़ा। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर शनिवार रात आरोपी प्रवेश, सोनू और हर्षित समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर के सभी पिज़्ज़ा हाउस और रेस्टोरेंट संचालकों को केबिन हटाने, पर्दों का प्रयोग न करने और पारदर्शी शीशा लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। अवैध गतिविधियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि डेढ़ वर्ष पूर्व केरूगंज स्थित एक पिज़्ज़ा हाउस के कमरे में एक नर्स की उसके प्रेमी द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा एक माह पूर्व थाना रोजा क्षेत्र के एक पिज़्ज़ा हाउस में छापा मारकर दिल्ली निवासी युवती का नग्न वीडियो बनाए जाने का मामला भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शनिवार की इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक-युवती का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित