सूरजपुर , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंदरगंज में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से झड़प और पथराव की घटना सामने आई है। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन और पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचा है। मामले में 18 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से आज (बुधवार) मिली जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को ग्राम सुंदरगंज स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 35, 255 एवं 552 पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए ग्राम पंचायत ने पहल की थी। पंचायत द्वारा राजस्व और पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया था। एसडीएम सूरजपुर सहित राजस्व और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए मौके पर मौजूद सरपंच और ग्राम समिति के सदस्यों के साथ झूमा-झटकी की। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब जेसीबी मशीन पर पथराव शुरू कर दिया गया। पथराव के दौरान पास में खड़ी पुलिस की गाड़ी भी पत्थरों की चपेट में आ गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी भी स्वयं को बचाते नजर आए।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शालिनी जायसवाल ने बताया कि विवाद ग्रामीणों के दो गुटों के बीच हुआ। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान आपसी तनाव के कारण झड़प की स्थिति बनी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व या पुलिस विभाग का कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी घायल नहीं हुआ है।
हालांकि ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में चार लोगों को चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के ही एक पक्ष के लोगों की पिटाई की गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पथराव और मारपीट की स्थिति देखी जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित