शामली , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के शामली स्थित अपर दोआब शुगर मिल अंतिम पेराई के साथ बंद हो गई। मिल ने पेराई सत्र 2025-26 में करीब 81 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग पांच लाख कुंतल कम रही। मिल के महाप्रबंधक गन्ना सतीश बालियान ने बताया कि गुरुवार रात तक मिल नो-केन की स्थिति में बंद हो गई। इसके बाद 17 अप्रैल को मिल गेट पर पहुंचने वाले शेष गन्ने को एकत्र कर शाम लगभग चार बजे दोबारा पेराई शुरू की जाएगी और रात में शेष गन्ना समाप्त कर सत्र का औपचारिक समापन कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष गन्ने की पैदावार कम रहने के कारण पेराई में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सभी क्रय केंद्रों से आपूर्ति योग्य गन्ने की खरीद पूरी कर उन्हें बंद कर दिया गया।

किसानों की सुविधा के लिए मिल गेट पर फ्री पर्ची की व्यवस्था की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे 17 अप्रैल शाम छह बजे तक अपना समस्त गन्ना मिल में पहुंचा दें, ताकि बंदी से पहले उसकी पेराई की जा सके। मिल प्रशासन ने साफ-सुथरा गन्ना लाने वाले किसानों को सम्मानित भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित