शामली , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली पुलिस ने लूट की घटनाओं में वांछित 15 हजार रुपये के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि एक मार्च को गांव लिसाढ़ में बाइक सवार दो बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। एक घटना में अरविंद से मोबाइल फोन और नकदी लूटी गई, जबकि दूसरी घटना में एक महिला से कुंडल, नाक की बाली और अंगूठी छीन ली गई थी। इस संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आईटीआई कॉलेज से गांव लिसाढ़ जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश रईस पुत्र इदरीश निवासी पानीपत (हरियाणा) के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी फारूक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए कुंडल, 1350 रुपये नकद, एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि फरार आरोपी फारूक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित