शामली , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में विवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या अवैध संबंध बनाने के प्रयास में असफल रहने से क्षुब्ध ससुर ने अपने बेटे के साथ मिलकर की थी। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि 16 फरवरी को थाना कांधला क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी शाकिर ने कैराना थाने में अपनी बहन मशकुरा की दहेज के लिए हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान कैराना पुलिस ने महिला के ससुर अब्बास उर्फ बासा और उसके पुत्र सलमान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अब्बास ने बताया कि उसका बेटा सलमान पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता था और घर पर वह तथा उसकी पुत्रवधू मशकुरा ही रहते थे। बेटे के बाहर रहने के दौरान पुत्रवधू के गांव मंडावर निवासी जाबिद नामक युवक के साथ संबंधों की जानकारी होने पर उसने इस बात का दबाव बनाकर पुत्रवधू के साथ अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया। 14 फरवरी को जाबिद के घर आने के बाद उसने फिर प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर उसने अपने बेटे को कथित संबंधों की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर मशकुरा की हत्या की योजना बनाई।

योजना के तहत गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कमरे में चारपाई पर डालकर कंबल से ढक दिया गया। घटना को आत्महत्या या संदिग्ध परिस्थिति दर्शाने के लिए बाहर से गेट बंद कर तार और लाठी के सहारे अंदर से कुंडी लगाई गई। सुबह आसपास के लोगों को बुलाकर गेट खुलवाने का नाटक किया गया और वेल्डिंग मिस्त्री से जाली कटवाकर दरवाजा खुलवाया गया, ताकि किसी को शक न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित