शामली , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में शामली जिले की शहर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी बिलों के माध्यम से जीएसटी चोरी कर राजस्व को हानि पहुंचाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल राजवंशी पुत्र श्योजीराम राजवंशी निवासी नोरपुर, टोंक (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अवैध रूप से धन अर्जित करने के उद्देश्य से "बीआर ट्रेडर्स" नाम से एक फर्जी फर्म बनाई थी। इस फर्म के पंजीकरण में उसने फर्जी आधार कार्ड तथा अन्य जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने 15 जनवरी 2025 को फर्म का पंजीकरण कराया था। इसके बाद वह फर्जी बिल तैयार कर जीएसटी चोरी करता था। कागजों पर विभिन्न फर्मों के साथ खरीद-फरोख्त दर्शाई जाती थी, जबकि वास्तविक व्यापार नहीं किया जाता था। मामले की जांच के दौरान अधिकारियों ने फर्म की गतिविधियों को संदिग्ध पाया, जिसके बाद 27 जनवरी 2025 को जीएसटी विभाग ने उसका पंजीकरण निरस्त कर दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित