शामली , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत मंगलवार को एक अनूठी पहल के अंतर्गत सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा एकता जांगिड को एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बनाया गया।

इस अवसर पर डीआईओएस ऐश्वर्या जायसवाल ने छात्रा को कार्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। एकता जांगिड ने कार्यालय का निरीक्षण करते हुए शैक्षिक गतिविधियों, शिकायत निस्तारण प्रणाली और प्रशासनिक कार्यों को समझा।

डीआईओएस ने बताया कि 'मिशन शक्ति' के तहत छात्राओं को प्रशासनिक कार्यों का अनुभव देकर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह की पहल छात्राओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देती है।

इस मौके पर छात्रा के पिता प्रमोद जांगिड, विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित