जशपुर, अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंझूटोली में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जहां पुराने विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट की गई है। मामले में कांसाबेल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

पुलिस सूत्रों से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कांसाबेल गंझूटोली निवासी युवक अपने बड़े पिता फरशु राम मिर्धा के पुत्र शिवसागर मिर्धा के आशीर्वाद समारोह में शामिल था। इसी दौरान गांव के ही प्रिंस तिर्की एवं आर्यन तिर्की उसे बाहर बुलाकर ले गए और पूर्व में डीजे बंद कराने की बात को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों के द्वारा गाली गलौज की गई।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पीड़ित के पिता लरसू राम मिर्धा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि प्रिंस तिर्की एवं आर्यन तिर्की ने युवक के साथ मारपीट की। इसी दौरान जैकी यादव भी वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा अपने पास रखे क्रिकेट बैट से युवक के माथे पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई।

कांसाबेल थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार ने बताया कि पीड़ित देवसागर मिर्धा की शिकायत पर तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है जिसमें आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित