नैनीताल , अप्रैल 07 -- पश्चिम एशिया संकट के चलते रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर आपूर्ति में आई कठिनाइयों को देखते हुए उत्तराखंड शासन ने शादी समारोह के लिए सिलेंडर की मात्रा तय कर दी है। शादी समारोह के लिए अब मात्र दो एलपीजी सिलेंडर मिल सकेंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार शासन की ओर से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया लागू की गई है। इसके तहत अब शादी समारोह के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले में भी इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सिलेंडरों के आवंटन हेतु आवेदन प्रक्रिया तय की गई है। इसके तहत आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे, जिनकी जांच के बाद ही अस्थायी गैस कनेक्शन की संस्तुति की जाएगी।
इस व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने के लिये सभी तहसीलों में अधिकारियों को नामित किया गया है। तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो आवेदनों की जांच कर संबंधित गैस एजेंसियों को सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश देंगे।
तहसील नैनीताल, हल्द्वानी, रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं, धारी, खन्स्यू, श्रीकैंची धाम और बेतालघाट क्षेत्रों में अलग-अलग अधिकारियों को नामित किया गया है, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित