सिडनी , दिसंबर 18 -- अप्रैल में शादी करने जा रहे लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर जॉश इंग्लिस 26 मार्च से 31 मई तक खेले जाने वाले टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पूरे सत्र में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की छोटी नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने जॉश इंग्लिस को 8.6 करोड़ रूपये में खरीदा था। इंग्लिस ने बताया कि वह अप्रैल में शादी करने जा रहे हैं।
इंग्लिस ने एबीसी स्पोर्ट से कहा, "मैंने आईपीएल नीलामी देखी और मेरी बारी देर से आई। मैं इस साल पूरे सीजन उपलब्ध नहीं रह पाऊंगा। मैं अप्रैल की शुरुआत में शादी करने जा रहा हूं। सच कहूं तो मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुझे खरीदा जाएगा। मैंने जब अनसोल्ड लिस्ट में अपना नाम देखा तो मैंने यही सोचा 'चलो छोड़ा, मुझे सोने जाना है और कल (ऐशेज) के लिए तैयार होना है। लेकिन फिर सुबह उठने के बाद मुझे यह खबर मिली। मुझे आज सुबह कुछ संदेश देखने के बाद यह पता चला।"पंजाब किंग्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद पीबीकेएस के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने इंग्लिस के आईपीएल 2026 के लिए आशिंक तौर पर उपलब्ध रहने के संकेत दिए थे। शुरुआत में अनसोल्ड जाने के बाद इंग्लिस को खरीदने के लिए होड़ लगी। एलएसजी ने आखिरकार सनराइजर्स हैदराबाद को पछाड़ते हुए इंग्लिस को खरीद लिया।
पीबीकेएस के सह मालिक नेस वाडिया ने एक समाचार पत्र को बताया कि इंग्लिस उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्हें पीबीएसके आईपीएल 2026 के लिए अपनी टीम के साथ बरकरार रखना चाहता था लेकिन रिटेंशन की समयसीमा समाप्त होने से 45 मिनट पहले इंग्लिस ने बताया कि वह पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रह पाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित