सहारनपुर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की शिवालिक पहाड़ियों के बीच स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 51 सिद्धपीठों में शामिल इस पावन स्थल पर इन दिनों विशाल मेले का आयोजन हो रहा है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु निजी वाहनों, पैदल यात्रा और लेटकर (दंडवत) यात्रा कर रहे हैं। भक्त पहले बाबा भूरादेव मंदिर में मत्था टेककर प्रसाद चढ़ाते हैं, इसके बाद मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर मन्नतें मांगते हैं। पूरे क्षेत्र में "जय माता दी" के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
जिला प्रशासन ने मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र को सुपर जोन, जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। 8-8 घंटे की शिफ्ट में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है और प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारी प्रभारी के रूप में मौजूद हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला कोतवाली स्थापित की गई है तथा अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, होमगार्ड और महिला पुलिस की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र, खोया-पाया केंद्र और मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और 40 पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 हेक्टेयर क्षेत्र में सात बड़े पार्किंग स्थल, पेयजल की व्यवस्था, 100 से अधिक शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, तीन एंबुलेंस और 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही अग्निकांड से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन के लिए एसडीआरएफ व फ्लड पीएसी की टीम भी तैनात है।
प्रशासन के अनुसार 19 मार्च से शुरू हुए इस मेले में 22, 29 मार्च, 5 अप्रैल (रविवार), 25 मार्च (सप्तमी), 26 मार्च (अष्टमी), 27 मार्च (राम नवमी) सहित अन्य प्रमुख तिथियों पर भारी भीड़ की संभावना है। इसे देखते हुए मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी और एसएसपी स्तर के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित