अमृतसर , जनवरी 30 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को धर्म प्रचार कमेटी की बैठक में 14 मार्च 2026 को शहीद भाई तारा सिंह वान की 300वीं शहीदी वर्षगांठ मनाने और विशेष रूप से अप्रैल माह से अमृत संचार आंदोलन को बढ़ावा देने सहित अन्य मामलों पर चर्चा की गयी।
एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि शहीद भाई तारा सिंह वान की 300वीं शहीदी वर्षगांठ सिख संगत के सहयोग से 14 मार्च 2026 को गुरुद्वारा शहीद भाई तारा सिंह, गांव वान, जिला तरनतारन में मनायी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 11 मार्च को एक विशेष नगर कीर्तन का आयोजन किया जायेगा और 12 मार्च से श्री अखंड पाठ साहिब का प्रारंभ होगा, जिसके बाद लगातार धार्मिक दीवानों का आयोजन किया जायेगा। एडवोकेट धामी ने कहा कि शताब्दी समारोह का मुख्य कार्यक्रम 14 मार्च को होगा, जिसमें सिंह साहिब, तख्त साहिब के जत्थेदार और सिख समुदाय की प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
उन्होंने कहा कि शताब्दी दिवस समुदाय के लिए अपने इतिहास और विरासत से जुड़ने और उसका प्रचार-प्रसार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है और संगत को इसमें यथासंभव भाग लेना चाहिए, ताकि राष्ट्रीय दिवस यादगार बन सकें। उन्होंने कहा कि धर्म प्रचार समिति की बैठक में धर्म प्रचार आंदोलन को और अधिक तीव्र करने का निर्णय लिया गया, विशेष रूप से अप्रैल माह से अमृत संचार समागमों की श्रृंखला को आगे बढ़ाने का। उन्होंने कहा कि इसके तहत धर्म प्रचार समिति के प्रचारक गांव-गांव जाकर संगत को अमृत ग्रहण करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान विशेष गुरमत समागमों का भी आयोजन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित