मुरैना , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने पोरसा विकासखंड के अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के पैतृक गांव बरवाई में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम बरवाई पहुंचकर सबसे पहले पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की, इसके बाद चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़कों की खराब स्थिति, बिजली और पेयजल आपूर्ति, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण तथा चरनोई भूमि पर अवैध कब्जों से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शासकीय प्राथमिक विद्यालय बरवाई पहुंचे, जहां भवन की मरम्मत के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं आंगनवाड़ी भवन जर्जर मिलने पर उसकी मरम्मत के निर्देश एसडीएम को दिए गए।
कलेक्टर ने गांव की निचली बस्तियों का भ्रमण कर सीसी रोड निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार करने और तत्काल राहत के रूप में मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ग्राम अम्लिहेड़ा पहुंचकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां शिक्षक उपस्थित लेकिन विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और अभिभावकों से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि फसल कटाई के कारण विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है, जिस पर कलेक्टर ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। ग्राम अम्लिहेड़ा में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने नाले की गंदगी और नल-जल योजना के बंद होने की समस्या उठाई। इस पर कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को नाले के सुधार के लिए स्टीमेट तैयार करने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं पीएचई विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर नल-जल योजना शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित