ऋषिकेश (पौड़ी) 23मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के ऋषिकेश में शहीद दिवस के अवसर पर भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु को परमार्थ निकेतन में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित गंगा आरती को अमर शहीदों को समर्पित करते हुए देशभक्ति का वातावरण बनाया गया।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि शहीद दिवस उन महान क्रांतिकारियों के बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनकी कुर्बानी से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि इन वीरों का त्याग और साहस आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि जब अंग्रेजी शासन का अत्याचार चरम पर था, तब इन क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि सिद्ध किया। उनका जीवन त्याग, तप और अदम्य साहस की मिसाल है।
कार्यक्रम के दौरान ''इंकलाब जिंदाबाद'' के नारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर शहीदों को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का आधार बनाएं तथा देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए समर्पित रहें।
परमार्थ निकेतन से अमर शहीदों को कोटि-कोटि नमन करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित