रायपुर , मार्च 10 -- ) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कल देर रात शराब के नशे में धुत्त वाहन चालक भाजपा नेता ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की की और ड्यूटी में बाधा डाली।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विकास शुक्ला के रूप में हुई है, जो खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता रहा था। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक कल देर रात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन चला रहे विकास शुक्ला की जब जांच की गई तो वह शराब के नशे में धुत्त पाया गया।

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आरोपी आक्रोशित हो गया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। इस दौरान उसने खुद को भाजपा का पदाधिकारी बताते हुए यातायात निरीक्षक को वर्दी उतरवाने की धमकी दी।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने एक आरक्षक की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की, जिससे उसकी वर्दी भी फट गई। स्थिति बिगड़ते देख अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया, जिसकी जानकारी आज पुलिस ने दी है । उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अभद्र व्यवहार सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित