कांकेर, दिसंबर 30 -- छत्तीसगढ में कांकेर शहर में स्थित ज्ञानी चौक के पास खुली शराब दुकान को लेकर स्थानीय वार्डवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। शराब दुकान के विरोध में मोहल्लेवासियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर प्रीमियम शराब दुकान खोली गई है, उसके आसपास स्कूल, कोचिंग सेंटर और मंदिर स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से बच्चों की पढ़ाई, धार्मिक वातावरण और सामाजिक शांति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग के नियमों की अनदेखी कर आबादी वाले इलाके में दुकान खोली गई है, जो पूरी तरह अनुचित है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने कई बार कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण उन्हें सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के आबकारी अधिकारी पहुंचे और स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि नियमों के तहत मामले की जांच की जाएगी और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा।

वार्डवासियों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक शराब दुकान को इस स्थान से हटाने को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित