श्रीगंगानगर , अप्रैल 01 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में नए वित्त वर्ष में के शराब ठेके शुरू होने से पहले ही अपराधिक गिरोह द्वारा शराब ठेकेदारों को गोलीबारी करके अपनी दुकान छोड़ देने की धमकी देेने वाले बदमाशों तक पहुंचने में पुलिस को कामयाबी मिली है।

पुलिस ने भिरानी थाना क्षेत्र में पिछले मार्च महीने में दो शराब ठेकेदारों को धमकाने के मामले में वांछित पंजाब के कुख्यात बदमाश जग्गा पहलवान गिरोह के शातिर बदमाश सज्जन उर्फ काला जाट सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बुधवार को हनुमानगढ़ में प्रेस वार्ता में बताया कि हरियाणा के हिसार के सदर थाना क्षेत्र निवासी सज्जन उर्फ काला जाट (33) के साथ धर्मप्रीतसिंह उर्फ प्रीत बाजीगर (25), अशोक जाट (30), रमेश जाट (28) औँर सोमवीर उर्फ लाला जाट (26) को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि भिरानी थाना क्षेत्र के चिड़िया गांधी गांव में 25 मार्च और छानीबड़ी गांव में 12 मार्च की रात को मोटरसाइकिलों पर आए बदमाशों ने शराब ठेकेदारों को धमकी भरे पत्र देते हुए गोलीबारी करके डराया था। धमकी भरे पत्रों में जग्गा पहलवान और सज्जन उर्फ काला के नाम लिखे हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित