रायपुर , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ में हुए बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष अदालत में पेश किया गया।

पेशी के दौरान लखमा ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी सेहत को लेकर चिंता जताई और कहा कि जेल में उनकी तबीयत ठीक नहीं है।

गौरतलब है कि ईडी ने इस वर्ष 15 जनवरी को आबकारी घोटाला प्रकरण में लखमा को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वे न्यायिक हिरासत में हैं। हाल ही में ईडी ने उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की है, जिसके तहत बुधवार को उन्हें सुनवाई के लिए विशेष अदालत में पेश किया गया।

अदालत परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व आबकारी मंत्री लखमा ने कहा कि जनवरी में जेल जाने के बाद यह पहला मौका है जब वे बाहर आए हैं। उन्होंने दावा किया कि वे हृदय रोग, मधुमेह और आंखों से जुड़ी बीमारी से पीड़ित हैं और जेल में रहते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विधानसभा की कार्यवाही में शामिल न हो पाने के सवाल पर लखमा ने कहा कि उन्होंने बस्तर से जुड़े मुद्दे विधानसभा में उठाए थे और उसी का परिणाम है कि वह आज जेल में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में उन्होंने राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा था। राजकुमार कॉलेज परिसर में आयोजित विधानसभा के पहले सत्र में वे शामिल हुए थे लेकिन पुराने विधानसभा भवन में आयोजित सत्रों में भाग न ले पाने का उन्हें अफसोस है। उन्होंने बस्तर के मुद्दों को सदन में पूरी तरह से न उठा पाने पर भी खेद जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित