अमरोहा/हापुड़ , अप्रैल 18 -- अमरोहा में शराब के लिए पैसे न मिलने पर पत्नी से नाराज एक युवक ने गंगा पुल की रेलिंग पर लटक कर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि घटना अमरोहा-हापुड़ सीमा से सटे दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर स्थित ब्रजघाट गंगा पुल की है। मुरादाबाद जिले के थाना मझोला क्षेत्र निवासी अजय सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ गंगा स्नान करने ब्रजघाट आया था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि अजय सिंह ने पत्नी से शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगे, लेकिन पत्नी ने तीर्थस्थल का हवाला देते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर वह सीधे गंगा पुल पर पहुंच गया और रेलिंग पर चढ़कर नीचे कूदने की धमकी देने लगा। कुछ देर तक वह रेलिंग से लटका रहा।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि पत्नी से शराब के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा पाया गया है।

पुलिस ने युवक को काउंसलिंग की सलाह देते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों को इस तरह गंभीर स्थिति तक नहीं पहुंचने देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित