चेन्नई , फरवरी 24 -- तमिलनाडु के कृष्णागिरि जिले के होसूर में एक चौंकाने वाली घटना में सत्तारूढ़ द्रमुक के एक पदाधिकारी के नशे में धुत बेटे ने मामूली पार्किंग विवाद के बाद श्रम विभाग के एक अधिकारी और परिवार को अपनी कार से कुचल दिया। इसमें श्रम अधिकारी की मौत हो गयी और अन्य लोग घायल हैं।
मुख्य विपक्षी दल द्वारा इसे हत्या करार दिए जाने के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात हुए इस घटनाक्रम में सहायक श्रम कल्याण निरीक्षक सिवामूर्ति (54) की मौत हो गयी ।इस घटना में उनके पुत्र किरुबाकरन, बहू अम्सावल्ली और पोती नीलानी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और होसूर सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। ये सभी अन्नै अरविंदर नगर के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान एस. आदित्य (20) के रूप में हुई है, जो श्रीनिवासन का पुत्र है। श्रीनिवासन द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के राज्य सामान्य परिषद सदस्य और पूर्व नगर पार्षद रह चुके हैं। आदित्य के साथ कार में उसके दो दोस्त एस. ऋतिक कुमार (20) और एस. हरीश (19) भी मौजूद थे।
जांच में सामने आया है कि श्री सिवामूर्ति का दोपहिया वाहन उनके घर के पास खड़ा था, जिससे कार के टकराने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गयी। यह विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आदित्य ने कथित तौर पर जानबूझकर कार आगे बढ़ाई और श्री सिवामूर्ति तथा उनके परिजनों को कुचल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित