भरतपुर , फरवरी 26 -- राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने शराब के एक खोखानुमा गोदाम में आग लगने के मामले में पुलिस ने कई महिलाओं को हिरासत में लिया जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

सूत्रों ने बताया कि बिनउआ और जरेला गांव के पास दोपहर में शराब का गोदाम बताये जा रहे एक खोखानुमा लोहे के कन्टेनर में आग लग गई। इससे करीब 15 लाख रुपये की शराब नष्ट हो गयी। इस मामले में पुलिस ने कई महिलाओं को हिरासत में लिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों ने गोदाम में लगी आग की घटना के लिये उनका किसी भी तरह का कोई सरोकार होने से इनकार करते हुए ठेका कर्मचारियों को आगजनी के लिए जिम्मेदार बताया है। ग्रामीणों ने कहा है कि उन्होंने आग नहीं लगाई और यह घटना ठेका कर्मचारियों की ओर से की गई है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि खोखेनुमा लोहे के कंटेनर में संचालित इस शराब के ठेके का ग्रामवासियों की तरफ से किये जा रहे विरोध को रोकने के लिए शराब ठेकेदार ने आगजनी करके ग्रामीणों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची है।

शराब ठेकेदार के अनुसार इस आगजनी में उसकी करीब 15 लाख की शराब आग की भेंट चढ़ गई। महिलाओं को हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमे ठेकाकर्मियों की मौजूदगी में पुलिस की तरफ से महिलाओं के साथ जोरजबरदस्ती एवं नोकझोंक होती नजर आ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित