पटना , अप्रैल 06 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोला और कहा कि शराब कंपनियों से चंदा लेने वाले शराबबंदी के खिलोह अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री यादव की पार्टी राजद ने बिहार में 2016 से पूर्ण शराबबंदी होने के बावजूद जुलाई 2023 से जनवरी 2024 के बीच शराब कंपनियों से लगभग 46 करोड़ 64 लाख रुपये का चुनावी चंदा लिया है, जो उनकी नैतिकता पर सवाल उठता है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब किसी दल की राजनीति शराब कंपनियों से प्राप्त चंदे के सहारे चलती है, तो स्वाभाविक है कि उसके नेता उन्हीं हितों की रक्षा की बात करेंगे। यही कारण है कि श्री यादव शराबबंदी जैसे जनहितकारी निर्णय के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री यादव का यह मंसूबा कभी सफल नहीं होगा।

श्री कुशवाहा ने कहा कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद कई स्वतंत्र सर्वेक्षणों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और अनुग्रह नारायण सामाजिक अध्ययन संस्थान के संयुक्त रूप से किए गए एक सामाजिक सर्वेक्षण में लगभग 90 प्रतिशत से अधिक लोगों ने शराबबंदी के पक्ष में अपनी राय दी और इसे जनहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण में 80 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना कि महिलाओं को अब अकेले बाजार जाने में पहले की अपेक्षा अधिक स्वतंत्रता महसूस होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित