शिवहर , फरवरी 28 -- जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार में शराबबंदी की सफलता पर सवाल उठाते हुए शनिवार को कहा कि यदि यह कानून महिलाओं के लिए इतना लाभकारी है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे समूचे देश में लागू करें।

श्री किशोर आज यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून अपने उद्देश्य की प्राप्ति में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब माफिया, अधिकारियों तथा पुलिस की मिलीभगत के कारण कानून का सही क्रियान्वयन नहीं हो पाया, जिससे प्रदेशवासियों खासकर महिलाओं को शराबबंदी का लाभ नहीं मिल पाया।

जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि तमाम विफलताओं के बावजूद यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार को लगता है कि शराबबंदी कानून से बिहार की महिलाओं को लाभ हुआ है, तो इसे पूरे देश में लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी सुनिश्चित करें कि शराबबंदी पूरे देश में लागू हो और देश भर की महिलाओं को इसका लाभ मिले।

श्री किशोर ने राजस्थान की एक पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में कई बिहारियों की मौत पर नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुप्पी पर भी सवाल उठाये और कहा कि उन्हें इस मामले में संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 10-15 हजार की नौकरी के लिए प्रदेश के बच्चे दूसरे राज्यों में जा रहे हैं, जहां उनका ख्याल करें वाला कोई नही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित