मुंबई , अप्रैल 21 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष शरद पवार को मंगलवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एहतियात के तौर पर उनकी स्वास्थ्य जांच की गई।
सांसद एवं श्री पवार की पुत्री सुप्रिया सुले ने संवाददाताओं से कहा कि उनके 85 वर्षीय पिता को नियमित जांच और कुछ चिकित्सा परीक्षणों के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में अधिक जानकारी चिकित्सा रिपोर्ट आने के बाद ही उपलब्ध होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री पवार की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उनकी आयु और हालिया स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें केवल सावधानी के तौर पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। आगे के उपचार या छुट्टी के संबंध में निर्णय चल रही जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही लिया जाएगा।
हाल ही में श्री पवार को राज्यसभा में व्हीलचेयर पर बैठकर शपथ लेते हुए देखा गया था और उसके तुरंत बाद उन्होंने दिल्ली में संचार माध्यमों से बातचीत भी की थी। हाल ही में शरद पवार को राज्यसभा में व्हीलचेयर पर बैठे हुए शपथ लेते देखा गया और इसके तुरंत बाद उन्होंने दिल्ली में मीडिया से बातचीत भी की।
गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में, उन्हें कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हुईं, जिसके लिए उन्हें पुणे के एक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उन्हें हल्के निर्जलीकरण के कारण 22 फरवरी को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें अंतःशिरा द्रव दिए गए और कुछ समय बाद छुट्टी दे दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित