मुंबई , फरवरी 02 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकंपा-एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को उन दावों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा है कि अजित पवार राकंपा का कोई विलय नहीं करना चाहते थे।
श्री पवार ने यहाँ मीडियाकर्मियों से कहा, "जो लोग विलय की बातचीत में शामिल नहीं थे, उन्हें हमारी मुलाकात के बारे में क्या पता होगा? इसके विपरीत, हमारे बीच राकंपा के विलय को लेकर चर्चा हुई थी। हमारी बैठकें भी हुई थीं। हम 12 फरवरी को इस संबंध में घोषणा करने वाले थे।"श्री पवार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'अगर अजित पवार विलय पर चर्चा कर रहे थे, तो क्या वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विश्वास में लिए बिना ऐसा करते? क्या वह सरकार में स्थिर होने के बावजूद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर निकलने के लिए ऐसी चर्चा कर रहे थे? कुछ लोगों को रोजाना भ्रम पैदा करना पसंद है।'इस बीच, यह भी पता चला है कि उद्योगपति गौतम अडानी ने रविवार को दक्षिण मुंबई स्थित शरद पवार के आवास 'सिल्वर ओक' का दौरा किया और लगभग 45 मिनट तक उनके साथ रहे।
एक अन्य घटनाक्रम में, अजीत पवार दल के 30 नेताओं ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की औपचारिक मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है, "अजीत दादा के दुखद निधन ने पार्टी पर गहरा संकट डाल दिया है। इस कठिन समय में पार्टी को एक मजबूत और एकजुट नेतृत्व की आवश्यकता है। सुनेत्रा पवार ने प्रतिकूल परिस्थितियों में जिम्मेदारी स्वीकार कर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।"सूत्रों का यह भी कहना है कि 23 दिसंबर को शरद पवार गुट के नेता जयंत पाटिल के आवास पर एक बैठक हुई थी, जिसमें स्वयं दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और शरद पवार गुट के 14 नेता शामिल हुए थे। सूत्रों के अनुसार, उस बैठक में अजीत पवार अपने गुट का प्रतिनिधित्व करने वाले अकेले व्यक्ति थे, जबकि शरद पवार गुट से सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल, जितेंद्र आव्हाड, अनिल देशमुख और राजेश टोपे सहित अन्य नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित